ग्राउंड रिपोर्ट / आजसू और भाजपा के राम, झामुमो के मंगल में मुकाबला, एनडीए का वोट बंटने से होगा नुकसान

जुगसलाई से ललित दुबे . भाजपा-आजसू गठबंधन तार-तार हो चुका है। दोनों दलों के राम से झामुमो का मंगल होने की संभावना बढ़ गई है। जुगसलाई सीट पर पहले से घोषित आजसू प्रत्याशी रामचंद्र सहिस के मुकाबले भाजपा ने भी शनिवार को पटमदा के मुचीराम बाउरी को उम्मीदवार बनाकर दांव खेला है। झामुमो ने 2014 के विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे मंगल कालिंदी पर भरोसा जताते हुए मैदान में उतार रखा है। 



इस कारण त्रिकोणीय संघर्ष की पृष्ठभूमि तैयार हो चुकी है। इस सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे सहिस के लिए जीत की हैट्रिक लगाना टेढ़ी खीर हाेगी। गठबंधन में चुनाव लड़ने के कारण 2014 में सहिस ने 26 हजार के बड़े अंतर से झामुमो के मंगल कालिंदी को हराया था। तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने खूब मेहनत की थी। भाजपाइयों ने जुगसलाई, छोटा गोविन्दपुर समेत अन्य शहरी इलाकों में आजसू के पक्ष में मतदान करने की अपील की थी। 2009 में पहली बार सहिस ने भाजपा प्रत्याशी राखी राय से महज 3075 वोट से चुनाव जीता था। इस बार त्रिकोणीय मुकाबला होने पर एनडीए वोटों का बंटवारा होने से झामुमो को लाभ होने की संभावना बढ़ गई है।  


ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें बदहाल, उच्च शिक्षा की व्यवस्था नहीं


1.सिंचाई व कृषि-जुगसलाई में पटमदा, बोड़ाम कृषि बहुल प्रखंड है, लेकिन सिंचाई की सुविधा नहीं है। खूब सब्जी होने के बाद भी किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पाता। कोल्ड स्टोरेज व बाजार भी नहीं है।


2. सड़क- सड़कें खराब हैं। प्रसिद्ध मंदिर हाथीखेदा जाने वाली सड़क पर गड्डे ही गड्ढे हैं। साथ ही काकेडीह से गालूडीह, जल्ला काॅलेज से कमलपुर जाने वाली सड़क खराब है। ग्रामीण इलाके की सड़कें भी बदहाल हैं।


3. शिक्षा- जुगसलाई में एकमात्र जल्ला काॅलेज, पटमदा है। काॅलेज नहीं होने से पटमदा, बोड़ाम से छात्र जमशेदपुर पढ़ाई करने जाते हैं। काफी प्रयास के बाद भी बोड़ाम में डिग्री काॅलेज नहीं खुल सका है। 


4. बिजली- ग्रामीण इलाके में बिजली काफी कटती है। शाम होते ही बिजली लगातार कट होती रहती है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में समस्या होती है। 20 घंटे की नियमित बिजली अब तक नहीं मिलती है


3 चुनावों का सक्सेस रेट



  • 2005- दुलाल भुइयां (झामुमो)- 59.6 हजार, हराधन दास (भाजपा)- 56.9 हजार बलदेव हाजरा (राजद)-6796

  • 2009- रामचंद्र सहिस,आजसू- 42.8 हजार, राखी राय (भाजपा)- 39.3 हजार दुलाल भुइयां (झामुमो)- 35.6 हजार

  • 2014- रामचंद्र सहिस,आजसू- 83.3 हजार, मंगल कालिंदी (झामुमो)- 57.2, दुलाल भुइयां (कांग्रेस)-42.1 हजार

  •  


वोटर बोले...


 विधायक अधिकतर समय पटमदा-बोड़ाम में बिताते है। जुगसलाई, गोविन्दपुर में उनका ध्यान नहीं है। सड़कें खराब हैं। हाथीखेदा मंदिर जाने वाली सड़क तक ठीक नहीं है। नरेश दास
 गोविन्दपुर में वर्षों से सड़क खराब है। अभी बननी शुरू हुई है, पर इसकी गति भी धीमी है। धूल-धक्कड़ से अभी लोगों का जीना मुहाल है। गर्मी में पेयजल की भी समस्या है। जम्मी भास्कर


 भाजपा के बागी


विष्णु भैया जामताड़ा से झाविमो के टिकट पर लड़ेंगे अब चुनाव


जामताड़ा| भाजपा के पूर्व विधायक विष्णु भैया ने रविवार को झाविमो के टिकट पर जामताड़ा से चुनाव लड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने धोखेबाजी की है। चुनावी मैदान में भाजपा और कांग्रेस है। जामताड़ा की जनता के सामने एक तरफ खाई और दूसरी अाेर कुआं के समान है।


 आजसू  पर निशाना


रामकृपाल बोले- सम्मान को कमजोरी नहीं समझे आजसू


रांची| भाजपा के गोड्डा चुनाव प्रभारी सह बिहार के सांसद रामकृपाल यादव ने काेर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक के बाद मीडिया से कहा-हमने अाजसू काे सम्मान दिया, लेकिन वे इसे हमारी कमजोरी समझ बैठे अाैर 8 से 17 सीटें मांगने लगे। ऐसे दोस्ती नहीं चलती है। अाजसू के अलग हाेने का असर नहीं पड़ेगा।


 झाविमो पर वार


भाजपा की बी टीम है बाबूलाल की झारखंड विकास मोर्चा: यादव 


रांची| धनवार सीट से माले प्रत्याशी राजकुमार यादव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की झाविमो पार्टी भाजपा की बी टीम है। इस बार 81 सीटों पर प्रत्याशी खड़ा कर उन्हांेने यह स्पष्ट कर दिया है, जिसे झारखंड की जनता जान रही है। 2014 के चुनाव में हासिल वोट का आधा वोट भी इस बार बाबूलाल हासिल कर लें तो बहुत है।