रांची / ओरिएंट कंपनी के जीएम की तेज रफ्तार गाड़ी पेड़ से टकराई, मौत

रांची. ओरिएंट कंपनी के खेलगांव और इरबा साइट के जीएम देवाशीष बिस्वाल का सोमवार को नामकुम थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। देवाशीष बिस्वाल अपने निजी वाहन इनोवा कार में सवार होकर नामकुम की ओर से रांची की ओर आ रहे थे। गाड़ी की रफ्तार काफी ज्यादा थी। यही वजह है कि  अचानक  कार के चालक ने  अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क किनारे  पेड़ से जा टकराई।


दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि देवाशीष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नामकुम पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।


सूचना मिलते ही रिम्स अस्पताल पहुंचे ओरिएंट के कई कर्मचारी
सड़क दुर्घटना में देवाशीष के मौत की सूचना मिलने के बाद ओरिएंट के ऑफिस में लोग परेशान हो गए। कई कर्मचारी सूचना मिलते ही तुरंत ऑफिस से रिम्स पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। देर शाम तक रिम्स में ओरिएंट के कर्मचारियों का जमावड़ा लगा हुआ था।